गाजीपुर/मरदह । पचोतर नेशनल इंटर कॉलेज, मरदह में सोमवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए, जबकि बोर्ड परीक्षा की टॉपर छात्रा की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमिताभ चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जनार्दन सिंह कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ प्रतिभा का सम्मान करना विद्यालय की परंपरा है और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की जाती है।read more:https://khabarentertainment.in/khadiya-bazar-kota-road-becomes-a-death-trap-commuters-plagued-by-potholes-and-waterlogging/
समारोह में बी.एन. चतुर्वेदी मेमोरियल स्कॉलरशिप के तहत कक्षा 9 की प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा अंशिका यादव को 12 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त अंकित चौहान को 10 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त गोपाल सिंह चौहान को 7,500 रुपये का चेक प्रदान किया गया।कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अमन यादव (91 प्रतिशत) को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त निहाल कुमार गोंड (89.5 प्रतिशत) को 12 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त मनीष कुमार (87 प्रतिशत) को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। वहीं कक्षा 11 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले अमित विक्रम गुप्ता को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रीति चौहान को 12 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त अमृता कुशवाहा को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि अमिताभ चतुर्वेदी ने बोर्ड परीक्षा-2026 में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा स्नेहा कुमारी की स्नातक शिक्षा का संपूर्ण खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और माता-पिता व शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक चौबे ने की। अंत में विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक ओंकार सिंह यादव ने किया।इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता शशिकांत सिंह सहित चंद्रमा सिंह यादव, पंकज चौहान, हर्षनाथ चतुर्वेदी, अजय कुमार सिंह, आलोक सिंह, संगीता सिंह, स्वप्निल राय, उदय प्रताप सिंह, राजित राम, अरविंद यादव, विनोद यादव, अमरनाथ दास, संजय सिंह, अनिल सिंह यादव, वंदना सिंह, सुनीता बौद्ध, इंद्रबाला गुप्ता, अर्जुन कुमार, राजकुमार भारती, रामसेवक प्रसाद, संतोष यादव, मनीराम, अशोक यादव, सागर राम, लाल बाबू पांडे सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।