कासगंज। मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत परिवहन विभाग और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को स्कूल वाहनों सहित अन्य यात्री एवं माल वाहनों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित स्कूल वाहनों पर विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 32 वाहनों के चालान किए गए, जबकि विभिन्न अनियमितताओं के चलते 10 वाहनों को निरुद्ध कर 1.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/
जांच के दौरान सात अनाधिकृत स्कूल वाहनों का चालान किया गया, जबकि निजी पंजीकरण वाले पांच वाहनों को स्कूल परिवहन में इस्तेमाल किए जाने पर बंद कर दिया गया। इसके अलावा बिना परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे पांच अन्य यात्री एवं माल वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि स्कूल परिवहन में केवल व्यवसायिक श्रेणी में पंजीकृत एवं वैध परमिट, फिटनेस और बीमा वाले वाहनों का ही उपयोग करें। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आर.पी. मिश्र ने कहा कि निजी पंजीकरण वाले वाहनों का व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के विरुद्ध है। उन्होंने वाहन स्वामियों से आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि मिशन सेफ फ्यूचर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। परिवहन एवं यातायात विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों, वाहन स्वामियों और चालकों से फिटनेस, बीमा, परमिट समेत सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा क्षमता से अधिक सवारी या सामान न ढोने की अपील की है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।