बाराबंकी। सेवादार मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता साकेत संत मौर्य ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह को पत्र लिखकर नगरीय क्षेत्र सीमा में श्मशान घाटों के सुदृढ़ीकरण एवं नए निर्माण कार्यों के लिए विशेष बजट स्वीकृत करने की मांग की है। ट्रस्ट ने कमरियाबाग श्मशान घाट और नागेश्वरनाथ सोता (फजुल्लागंज) श्मशान घाट में वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कार्य जल्द शुरू कराने की आवश्यक बताया है। ट्रस्ट अध्यक्ष साकेत संत मौर्य ने बताया कि नगर के दोनों प्रमुख श्मशान घाटों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन वहां आज भी कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि कमरियाबाग श्मशान घाट का पिछले तीन वर्षों से जनसहयोग और श्रमदान के माध्यम से लगातार विकास किया जा रहा है। ट्रस्ट द्वारा यहां पेयजल, शव विश्राम स्थल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पौधरोपण, बागवानी और नियमित साफ-सफाई जैसे कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद कमरियाबाग श्मशान घाट पर जमुरिया नदी की ओर लगभग 300 मीटर बाउंड्रीवाल, स्नानागार, सार्वजनिक शौचालय तथा विद्युत शवदाह गृह जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की आवश्यकता बनी हुई है। इन कार्यों को जनहित में प्रशासनिक सहयोग से पूरा कराया जाना आवश्यक है।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/ ट्रस्ट के सदस्य धनंजय शर्मा ने कहा कि नागेश्वरनाथ सोता श्मशान घाट की स्थिति और भी चिंताजनक है। वहां तीन ओर की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आवारा पशुओं का प्रवेश बना रहता है। पेयजल, स्नानागार, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। बरसात और खराब मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि सोता श्मशान घाट पर लगभग 950 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण, पुराने हैंडपंपों की मरम्मत, दो नए इंडिया मार्का हैंडपंप, समरसेबल पंप और वाटर टैंक की स्थापना, पुराने फायर प्लेटफॉर्म की मरम्मत, 400 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क, 40×50 फीट का हाल एवं प्रार्थना कक्ष, प्राचीन इंदारा कुएं का जीर्णाेद्धार, दो हाईमास्ट लाइट तथा लावारिस शवों के दफन के लिए स्थान चिह्नित कर सूचना बोर्ड लगाने की व्यवस्था कराई जाए। इस मौके पर धनंजय शर्मा, मनीष सिंह, आयुष यादव, राजेश भारती बाबा, राजेश यादव सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।