दिव्यांग बच्चों की शिक्षा जागरूकता रैली ने दिया समावेशी शिक्षा का संदेश, सीडीओ बोले– प्रतिभा को मिलेगा हरसंभव सहयोग

गाजीपुर। समर्पण संस्था, शास्त्री नगर गाजीपुर के तत्वावधान में मंगलवार को राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, फ़तेउल्लाहपुर के दिव्यांग बच्चों द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत शिक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक बच्चे, विशेषकर दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देना था।रैली का शुभारंभ भू-राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह जागरूकता रैली शास्त्री नगर से प्रारंभ होकर डीएम आवास, पीरनगर होते हुए विकास भवन परिसर पहुंची, जहां मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के संबोधन के साथ इसका समापन हुआ।read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/रैली के दौरान दिव्यांग बच्चे हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर शिक्षा से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ पैदल चले। बच्चों के जोश और अनुशासन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा राहगीरों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया। रैली का नेतृत्व संस्था की संरक्षिका सुश्री सविता सिंह ने स्वयं किया।कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए भू-राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने कहा कि समर्पण संस्था द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि उन अभिभावकों को भी प्रेरित करते हैं जो किसी कारणवश अपने बच्चों को शिक्षा से दूर रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए और समाज को इस दिशा में आगे आना होगा।समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी भी मायने में प्रतिभा के मामले में पीछे नहीं हैं। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन, अवसर और सहयोग की है। उन्होंने कहा कि समर्पण संस्था ने इन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने संस्था की संरक्षिका सुश्री सविता सिंह की प्रशंसा करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में संस्था और यहां अध्ययनरत बच्चों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।रैली एवं समापन कार्यक्रम में चन्दन कुमार, घूरहु, रूपेश सिंह, सर्वेश कुमार यादव, मनोज कुमार, नरेश, शशिकांत वर्मा, प्रभुनाथ, अजय कुमार, रविन्द्र, अशोक कुमार यादव, अजीत कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, जालंधर, अफजाल खान, प्रभात कुमार, लक्ष्मी वर्मा, रागिनी सिंह, नाजिया बेगम, सुमित्रा सिंह, लालसा यादव सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी दिव्यांग बच्चों एवं उपस्थित लोगों को मिष्ठान, फल और समोसे वितरित किए गए। आयोजन के माध्यम से समावेशी शिक्षा, समान अवसर और दिव्यांग बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *