सोनभद्र। जिले की चारों तहसीलों में सोमवार को शासन के निर्देश पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 337 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से महज 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।read more:https://pahaltoday.com/aarohi-became-dm-for-a-day-boosted-the-morale-of-the-girl-students/ओबरा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 119 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में टीम भेजकर स्थलीय जांच कराने और शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राबर्ट्सगंज तहसील में उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 36 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 30 प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। घोरावल तहसील में उपजिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 97 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 8 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा शेष 89 प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। दुद्धी तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 85 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 7 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 78 मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिला प्रशासन के अनुसार चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 337 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर या टीम भेजकर निस्तारण कराया गया। शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।