सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज स्थित आदर्श इंटर मीडिएट कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/ जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा का वातावरण मिल सके। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।