बिन्दवलिया में शिक्षा पर युवाओं से संवाद, समान शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों पर हुई चर्चा

गाजीपुर। चयनित ग्राम पंचायत बिन्दवलिया में 29 जून 2026 को फेलो अच्छे लाल सिंह कुशवाहा ने युवाओं और बच्चों के साथ “वर्तमान समय में शिक्षा की स्थिति” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पुरवों में जाकर बच्चों और युवाओं से शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं के बारे में चर्चा की।read more:https://pahaltoday.com/barabanki-festival-will-be-inaugurated-from-april-10/संवाद की शुरुआत में उन्होंने अपना परिचय एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य संविधान में निहित मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना तथा लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक बनाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सके।अनुसूचित जाति समुदाय के बच्चों और युवाओं के साथ चर्चा के दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षा जीवन में परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के शुरुआती संघर्षों का उल्लेख करते हुए युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान युवाओं ने कहा कि वे भी बाबा साहेब से प्रेरणा लेकर कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। आरक्षण के विषय पर भी चर्चा हुई, जिसमें युवाओं ने कहा कि इससे उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में अवसर प्राप्त हो रहे हैं।इसके बाद सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग बहुल पुरवे में आयोजित संवाद में समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि राज्य की जिम्मेदारी है कि सभी बच्चों को बिना किसी भेदभाव के समान शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।संवाद के दौरान मनीष (20 वर्ष) ने कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना कठिन हो रहा है। उन्होंने परीक्षा के दौरान पेपर लीक जैसी घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।कार्यक्रम के समापन पर अच्छे लाल सिंह कुशवाहा ने युवाओं से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, संविधान में विश्वास रखने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्षों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *