घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष, बड़े भाई की चाकू से हत्या करने वाला आरोपी 5 घंटे में गिरफ्तार

आजमगढ़।जहानागंज थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित नयापुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब छोटे भाई ने गुस्से में अपने ही सगे बड़े भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का शीघ्र खुलासा किया।पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को कस्बा जहानागंज के नयापुरा मोहल्ले में घरेलू खर्च को लेकर परिवार के भीतर विवाद हो रहा था। इसी दौरान आरोपी मो. अनस उर्फ राजू ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई दिलशेर अहमद पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दिलशेर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतक की पत्नी सुमैया अख्तरी की तहरीर पर थाना जहानागंज में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी मो. अनस उर्फ राजू पुत्र स्वर्गीय इम्तियाज, निवासी नयापुरा, कस्बा जहानागंज को 30 जून की रात 11:24 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई करीब दो वर्ष दुबई में रहने के बाद लगभग 15 दिन पहले घर लौटा था। घर के खर्च को लेकर उसकी मां और बड़े भाई के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान वह अपना आपा खो बैठा और पास में रखा चाकू उठाकर बड़े भाई पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, कांस्टेबल गोविन्द सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार तथा महिला आरक्षी अवन्तिका तिवारी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *