आजमगढ़। पुलिस में वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देने वाले पांच पुलिसकर्मियों को सोमवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित एक गरिमामय सेवा सम्मान समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ साथ गौरवपूर्ण भी रहा, जहां अधिकारियों और सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त जवानों के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने वर्षों तक ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है, उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग अपने उन कर्मियों पर गर्व करता है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन किया। सेवानिवृत्ति सेवा का अंत जरूर है, लेकिन समाज और परिवार के लिए उनके अनुभव की नई शुरुआत भी है।read more:https://pahaltoday.com/aarohi-became-dm-for-a-day-boosted-the-morale-of-the-girl-students/इस अवसर पर जिन पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई उनमें रेडियो उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी राजनारायण सिंह, मुख्य आरक्षी मिश्रीलाल कुमार मौर्य, आरक्षी अनामिका प्रसाद मिश्र तथा आरक्षी राजेश्वर राम शामिल रहे।समारोह में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियां साझा कीं।विदाई समारोह के दौरान कई पल भावुक भी रहे। वर्षों तक साथ काम करने वाले साथियों ने सेवानिवृत्त जवानों को सम्मान के साथ विदा किया। पुलिस परिवार ने उनके बेहतर स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।