सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 20 जून को भोजपुर तंगा निवासी इसरार ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट थाना मिर्जापुर में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर शेरपुर पैलो रोड रजवाहे के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फईम पुत्र इकराम और साहिल पुत्र शमशाद, निवासी ग्राम दबकौरा, थाना बेहट के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-11 एजे-7928 तथा दूसरी स्प्लेंडर बाइक यूके-16 डी-9769 बरामद की। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/ पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फईम के विरुद्ध थाना बेहट में आर्म्स एक्ट के तहत पूर्व से भी एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक सोमेंद्र, हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा तथा कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में वाहन चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।