सहारनपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत सोमवार को सहारनपुर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 181 (महिला हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने (स्टॉकिंग) और अन्य महिला अपराधों के विरुद्ध निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराने का संदेश भी दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/if-you-go-to-visit-karnataka-then-definitely-taste-the-food-here-without-it-the-trip-is-incomplete/ पुलिस टीमों ने छात्राओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। सहारनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की कि महिला सुरक्षा से जुड़े किसी भी मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि जनजागरूकता के माध्यम से महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।