सोनभद्र। वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ईमानदार करदाता राष्ट्र और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके योगदान से ही जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलती है। मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चैबे ने कहा कि भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने अपना सर्वस्व महाराणा प्रताप और राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर ऐसा आदर्श प्रस्तुत किया, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि भामाशाह का जीवन सेवा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित का प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले नागरिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उनके योगदान से ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है।read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/ भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने भामाशाह के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उनके जीवन, व्यक्तित्व और समाज के प्रति योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान जनपद के सर्वाधिक कर जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक विभाग की ओर से करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार, उपायुक्त राज्य कर रितेश मिश्र, योगेश द्विवेदी, विकास कृष्ण बंसरा, मो. जुनैद सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।