बहराइच ( कैसरगंज )। जनपद बहराइच की तहसील कैसरगंज क्षेत्र में दशमी मुहर्रम का पर्व पूरे अकीदत, श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से निकले ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर अपने-अपने कर्बला स्थलों तक पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार ताजियाओं को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे दिन हजारों की संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी रही और मातमी जुलूस, नौहा-ख्वानी सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।दशमी मुहर्रम के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। उपजिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कैसरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया गया तथा प्रमुख चौराहों, बाजारों और कर्बला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस टीमों द्वारा लगातार गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की सुंदर मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का स्वागत किया और प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। धर्मगुरुओं, ताजियादारों और सम्मानित नागरिकों ने भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रमों को सफल बनाया।पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/इस अवसर पर अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों, ताजियादारों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा ही क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे आगे भी बनाए रखा जाएगा।