छुटमलपुर। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर नगर पंचायत छुटमलपुर में धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा मीठे शरबत की छबील लगाकर राहगीरों को शीतल पेय पिलाया गया तथा हलवे के प्रसाद का वितरण किया गया। इसी क्रम में पंजाबी मार्केट के व्यापारियों ने सामूहिक रूप से सेवा कार्य आयोजित करते हुए राहगीरों को रोक-रोककर मीठा शरबत पिलाया और प्रसाद वितरित किया। भीषण गर्मी के बीच लोगों ने ठंडा शरबत पीकर राहत महसूस की और व्यापारियों के इस सेवा कार्य की सराहना की। व्यापारियों ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर जल सेवा और प्रसाद वितरण का विशेष महत्व माना जाता है।read more:https://pahaltoday.com/school-chalo-campaign-increased-awareness/ इस दिन प्यासे लोगों को शीतल जल या शरबत पिलाना पुण्यदायी माना जाता है और यह भारतीय संस्कृति की सेवा परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर संजय पाहुजा, गुलशन गांधी, सोनू पाहुजा, अंकुश ढींगरा, हरीश सेठ, शिवम पाहुजा, हरीश बत्रा और टिंकू सहित अनेक व्यापारियों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं पंजाब हॉस्पिटल परिसर में भी सेवा भाव के साथ मीठे शरबत का वितरण किया गया। इस दौरान डॉ. साजन क्वात्रा, शिल्पा क्वात्रा, डॉ. प्रदीप, डॉ. केवल तथा अस्पताल के स्टाफ ने राहगीरों और जरूरतमंदों को शरबत पिलाकर धर्म लाभ अर्जित किया। निर्जला एकादशी पर नगर में हुए इन सेवा कार्यों ने धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।