सहारनपुर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्मैक और चरस बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। थाना चिलकाना पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान ग्राम औरंगजेबपुर मार्ग स्थित एक मदरसे के पास से परवेज पुत्र अय्यूब निवासी बुड्ढाखेड़ा को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं थाना बेहट पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा 2.0 के अंतर्गत बेलका पावर हाउस के सामने से जावेद उर्फ तोता पुत्र वहीद कुरैशी निवासी कस्साबान मोहल्ला, बेहट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10.22 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है। एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना कुतुबशेर पुलिस ने नकुड़ तिराहे के निकट सिंचाई विभाग के खंडहरों के पास से सतवीर पुत्र तेलूराम निवासी लोधीपुर, बेहट को गिरफ्तार किया। read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/पुलिस ने उसके कब्जे से 1112 ग्राम अवैध चरस बरामद की। बरामद चरस की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ष्ऑपरेशन सवेराष् का उद्देश्य युवाओं को नशे के अंधकार से निकालकर सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाना है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के कारोबार की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। जनपद पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की मुहिम को और मजबूती मिल सके।