सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, अपर पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों का भौतिक सत्यापन कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान एवं डायवर्जन व्यवस्था समयबद्ध तरीके से लागू की जाए। कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।read more:https://pahaltoday.com/after-hearing-the-arguments-of-advocate-girish-srivastava-and-examining-the-file-sufficient-grounds-for-bail-were-found/ अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करें।