गोमती नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत

बाराबंकी। जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गोमती नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक भाई को डूबता देख दूसरा उसे बचाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन दोनों गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव निवासी अशोक कुमार पांडेय के पुत्र हैप्पी पांडेय (18 वर्ष) और हनी पांडेय (14 वर्ष) बुधवार को अपने चचेरे भाई और पड़ोसी आर्यन पाल पुत्र भोला पाल के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। तीनों युवक औसानेश्वर मंदिर के पास स्थित घाट पर नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों भाई नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर लोनीकटरा और हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव नदी से बाहर निकाले। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक भाइयों की मां का निधन करीब तीन वर्ष पहले हो चुका था। दोनों भाई बाराबंकी शहर में अपने बड़े चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रहे थे और मंगलवार को ही अपने पैतृक गांव बुढ़नापुर आए थे।read more:https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/परिजनों को क्या पता था कि घर लौटने के अगले ही दिन दोनों बेटे हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि गोमती नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम और गोताखोरों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में पसरा मातम, नम हुईं हर आंखें दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से पूरे बुढ़नापुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ मृतकों के घर पर जुटी रही। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *