गाजीपुर जमानियां । कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर कला गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से युवक की मौत हो गई। शादी समारोह के बाद टेंट समेटने के दौरान लोहे का पोल हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कुल्हरिया गांव निवासी सुरेश राजभर (22) बेटाबर कला गांव में आयोजित एक शादी समारोह में लगे टेंट को हटाने का कार्य कर रहा था। सुबह करीब छह बजे टेंट का लोहे का पोल ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया। करंट लगते ही सुरेश गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।read more:https://pahaltoday.com/road-development-in-farrukhabad-gains-momentum-comprehensive-review-of-action-plan-for-2026-27/मृतक के चाचा योगेंद्र राजभर ने बताया कि शादी समारोह संपन्न होने के बाद सुरेश अन्य मजदूरों के साथ टेंट समेटने का काम कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।