जौनपुर। 98 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी, जौनपुर द्वारा आयोजित सीएटीसी कैंप-318 में विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित उत्तर प्रदेश के एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम का आगमन हुआ। उनके आगमन पर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी के ग्रुप कमांडर विकास पंजियार, कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक डी सिंह तथा एनसीसी अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैंप का निरीक्षण करते हुए कैडेटों को प्रदान किए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, फायरिंग तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया। कैडेटों द्वारा प्रस्तुत प्रशिक्षण प्रदर्शन की उन्होंने सराहना करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को एनसीसी की सबसे बड़ी विशेषता बताया।अपने प्रेरणादायी संबोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेटों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट के पास कोई न कोई रचनात्मक शौक अवश्य होना चाहिए, आत्मरक्षा में दक्षता प्राप्त करनी चाहिए तथा अपनी आंतरिक प्रतिभा और विशेष क्षमताओं को पहचान कर उन्हें निरंतर निखारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने दूसरी भाषा सीखने, जीवन में निडर एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा जीवन में एक आदर्श रोल मॉडल का अनुसरण करने पर भी विशेष बल दिया।उन्होंने कहा कि नेशनल कैडेट कोर युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना का विकास करती है।read more:https://pahaltoday.com/india-withdraws-from-hosting-cop-33-a-major-signal-in-climate-diplomacy/ उन्होंने कैडेटों से कैंप में मिल रहे प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।इस अवसर पर मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैंप की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने 98 यूपी बटालियन एनसीसी की प्रशिक्षण टीम—सूबेदार मेजर कृष्ण पाल सिंह, सूबेदार बलवीर सिंह, सूबेदार प्रदीप, सूबेदार शांत राणा, राजीव कुमार, त्रिवेंद्र सिंह चौहान, इशांत शाही, प्रकाश, संजय, अरुण तथा बलवीर कुमार को उत्कृष्ट एवं कुशल प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से शाबाशी दी।कैंप के लिए विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई विशेष आवासीय एवं प्रशिक्षण स्थल व्यवस्था को देखते हुए मेजर जनरल गौरव गौतम ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया ।कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी, एएनओ तथा बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। एडीसी मेजर जनरल गौरव गौतम के प्रेरणादायी मार्गदर्शन और आगमन से कैडेटों में उत्साह, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।