बाराबंकी। जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 2788 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। यह परीक्षा देशभर में आयोजित की जा रही है, जिसमें लगभग 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं और 5500 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर और विशेष स्कैनिंग उपकरणों का उपयोग कर अभ्यर्थियों के बालों तक की जांच की। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5रू15 बजे तक आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही केंद्रों में प्रवेश दे दिया गया था।read more:https://pahaltoday.com/complex-disease-care/ जिले के सभी आठ केंद्रों पर पुलिस, प्रशासन, सीआरपीएफ और एसटीएफ की टीमें सतर्कता से तैनात हैं। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी आसपास निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पहले सुरक्षा घेरे में केंद्रों के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। इसके तहत केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। दूसरे सुरक्षा घेरे में अभ्यर्थियों की पहचान, एडमिट कार्ड सत्यापन और बायोमीट्रिक जांच की जा रही है। तीसरे और सबसे महत्वपूर्ण घेरे में परीक्षा कक्षों के भीतर सीसीटीवी कैमरों, फ्लाइंग स्क्वॉड और पर्यवेक्षकों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शनिवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, बिजली बैकअप, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बायोमीट्रिक मशीनों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई थी। इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या अनियमितता को रोका जा सके।