बाराबंकी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा जनपद योगमय हो उठा। शहर से लेकर गांवों तक स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय, पार्क, न्यायालय, कारागार, थाना परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसके माध्यम से बढ़ती उम्र में स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया। मुख्य समारोह राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक शशिकांत अवस्थी के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनाकर निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/voluntary-childlessness-the-need-of-the-hour/जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है और वर्तमान समय में जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन की जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता है तथा इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन वर्मा, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, एडीएम निरंकार सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम प्रमुख सचिव, सार्वजनिक उद्यम विभाग नीना शर्मा के नेतृत्व में सीडीओ अन्ना सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, समेत लगभग 250 खिलाड़ियों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने योगाभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में पुलिस लाइन्स ग्राउंड में पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं, जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रतिमा श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।