गाजीपुर,। आगामी सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ताजियादारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी ताजिया 10 फीट से अधिक ऊंचा नहीं बनाया जाएगा तथा जुलूस के दौरान किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अराजक एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, लाठी एवं अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पूर्ण तैयारी में रहने को कहा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।बैठक में सोशल मीडिया की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट या संदेश की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/इसके अलावा सभी पुलिस वाहनों में लाउड हेलर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखने तथा उनके माध्यम से आमजन को शांति, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने के लिए लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों को भी अपने दायित्वों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा गया।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल, मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण करें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।