बहराइच ( पयागपुर )। विकास खंड पयागपुर अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान को नई गति मिली। इस दौरान खुटेहना, वभनियावा, रामनगर, खजुरी, मुंडेरवा, ठकुराइन और पहलवारा सहित कई स्थानों पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों में किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।read more:https://pahaltoday.com/raja-singh-gave-five-tips-to-the-forest-dwellers-to-face-the-challenges/ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। मेले में पहुंचे लाभार्थियों का पंजीकरण कर निर्धारित मानकों के अनुसार टीकाकरण किया गया और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र तिवारी ने अभिभावकों और किशोरियों को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में बेहद प्रभावी है और समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। सीएचसी पयागपुर के कार्यक्रम प्रबंधक अनुपम शुक्ल ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। एचपीवी टीकाकरण को सफल बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर और हर महीने के तीसरे शुक्रवार को स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम के सहयोग से किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा।