केबल जलने से कई दिनों से बंद पड़ा आरओ प्लांट

म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैराही स्थित आरओ प्लांट द्वितीय के कई दिनों से बंद पड़े होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्लांट की विद्युत आपूर्ति बाधित होने से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले माह हर घर नल योजना के तहत कराए गए खोदाई कार्य के दौरान जमीन के अंदर बिछी विद्युत केबल कट गई थी। काफी समय बाद केबल को जोड़ा गया, जिसके चलते लंबे समय तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। अब एक बार फिर बिजली की केबल जल जाने से आरओ प्लांट पूरी तरह बंद हो गया है। आरओ प्लांट के ऑपरेटर ने बताया कि केबल जलने के कारण प्लांट तक बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे पानी का उत्पादन और वितरण बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/ ग्रामीण रामबली, सोमारू, हरिश्चंद्र, भोला, अत्रिलाल, फूलचंद, अशोक, संजय, देवेंद्र, अभिषेक, प्रीतम और विक्की सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्हें दूर-दराज से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। उन्होंने बिजली विभाग से शीघ्र केबल की मरम्मत कर आरओ प्लांट की विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पेयजल संकट और गहरा सकता है। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर आरओ प्लांट को चालू कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *