मिहींपुरवा (बहराइच) l “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं” के संदेश के साथ बुधवार को सीमा जागरण मंच के तत्वावधान में मोतीपुर थाना परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 37 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा प्रद्युम्न सिंह, खंड विकास अधिकारी विनोद यादव, सीमा जागरण मंच के प्रांत महामंत्री अनिल कुशवाहा व भाजपा नेता परशुराम कुशवाहा ने रक्तदाताओं व आमजन को संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि एक यूनिट रक्त चार जिंदगियां बचा सकता है और 18 से 65 वर्ष का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन माह में रक्तदान कर सकता है।read more:https://pahaltoday.com/allegations-of-non-availability-of-records-under-the-right-to-information-act-complaint-made-to-the-chief-minister/रक्तदान के उपरांत युवा समाजसेवी एवं प्रांत सह प्रचार प्रमुख योगेंद्र मौर्य के नेतृत्व में वरिष्ठजनों द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी ने नियमित रक्तदान को जीवनशैली बनाने का आह्वान किया। शिविर में मेडिकल कॉलेज बहराइच ब्लड बैंक यूनिट से मेडिकल अफसर डॉ. अली मेहंदी, परामर्शदाता डॉ. नूर मोहम्मद, लैब टेक्नीशियन ज्ञानेंद्र वर्मा, वैभव मिश्रा, हेमंत निषाद, सुधांशु व विकास सिंह सहित 7 सदस्यीय टीम मौजूद रही। टीम ने प्रत्येक रक्तदाता की हीमोग्लोबिन, रक्तचाप व वजन की जांच के बाद ही सुरक्षित रक्त संग्रह किया और पूरी प्रक्रिया में स्वच्छता व सुरक्षा मानकों का पालन किया। आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य मेडिकल कॉलेज बहराइच के ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है, ताकि दुर्घटना, प्रसव व थैलेसीमिया पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। शिविर में समाजसेवी, व्यापारी, पत्रकार सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।