दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में आंधी-ओलावृष्टि की चेतावनी

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि, इस बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के लिए आंधी-तूफान, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की गंभीर चेतावनी जारी की है। इसके विपरीत, बिहार के लोगों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, एनसीआर और हरियाणा में मौसम काफी खराब रहने की आशंका है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भीषण आंधी-तूफान आने की संभावना है, जिसकी स्पीड बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। read more:https://pahaltoday.com/20000-rupees-of-a-youth-who-was-a-victim-of-cyber-fraud-were-returned/यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके उलट बिहार के विभिन्न इलाकों में लू चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, कुछ दिनों बाद यहां बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन इस दौरान मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले पांच दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि के साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में भी आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की चेतावनी दी गई है। उधर, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, यूपी, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पहले अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, इसके बाद पारा एक बार फिर चढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *