सोनभद्र। नगर क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ी चोरी और छिनैती की घटनाओं से आक्रोशित व्यापार मंडल के नेताओं ने मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग किया है।read more:https://pahaltoday.com/new-kotwal-shailesh-kumar-rai-took-charge-of-bhadohi-kotwali/पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर व्यापारियों ने बताया कि बीते एक माह के दौरान नगर में चोरी एवं लूट की कई घटनाएं हुई हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे नगरवासियों और व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 9 मई 2026 की सुबह वार्ड संख्या-9 निवासी प्रभावती देवी पत्नी मुद्रिका सेठ घर से टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश ने चाकू की नोक पर उनकी करीब 16 ग्राम सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। वहीं 23-24 मई की रात चूड़ी गली निवासी विष्णु अग्रहरि उर्फ बल्ले पुत्र मेवालाल के घर के सामने खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर चोरी कर ली गई। इसके अलावा 29 मई को मां वैष्णो शक्तिपीठ धाम के गेट के पास दर्शन-पूजन करने गए श्रवण पुत्र पतीराम निवासी चूड़ी गली की बाइक भी अज्ञात चोर उड़ा ले गए। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों का पुलिस पर विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन करने को विवश होंगे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को चोरी और छिनैती की घटनाओं के शीघ्र अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। ज्ञापन सौंपने वालों में नीरज द्विवेदी, रामनारायण गोंड, मुद्रिका सेठ, उर्मिला शर्मा, दीपिका जैन, संजय मित्तल, जगदीश तिवारी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।