गाजीपुर । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए अब वर्ष में एक बार ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में ई-केवाईसी न कराने वाले किसानों की योजना के तहत मिलने वाली किस्तें अस्थायी रूप से रोक दी जाएंगी। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अगली किस्त जारी की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/women-and-girls-were-made-aware-under-mission-shakti-phase-5/उप कृषि निदेशक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित पीएम किसान सम्मान निधि योजना को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं वास्तविक पात्र किसानों तक सीमित रखने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत सभी लाभार्थी किसानों को प्रत्येक वर्ष अपनी ई-केवाईसी अपडेट करानी होगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने ई-केवाईसी के कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं। किसान भारत सरकार द्वारा विकसित पीएम किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे फेसियल ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएससी) पर जाकर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा। उप कृषि निदेशक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए न्याय पंचायत एवं विकास खंड स्तर पर तैनात कृषि विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी कराई जा रही है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।