ललितपुर । भारतीय जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक–13 द्वारा आयोजित प्रथम कार्यकारिणी बैठक एवं शाखा अध्यक्ष/मंत्रियों की कार्यशाला का आयोजन श्री दिगम्बर जैन गोलालारीय समाज भवन में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय/क्षेत्रीय पदाधिकारियों, शाखा अध्यक्षों, मंत्रियों एवं संयोजकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यशाला का शुभारम्भ भगवान महावीर स्वामी के चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। तत्पश्चात मंचासीन पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रेयांश जैन ग़दयाना ने सभी पदाधिकारियों का अभिनन्दन करते हुए संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा पद तो एक व्यवस्था है जिस पर कभी अभिमान मत करना। कार्यशाला में शाखा अध्यक्षों एवं मंत्रियों के दायित्वों, संगठनात्मक उत्तरदायित्वों तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। शाखाओं को सुदृढ़ एवं गतिशील बनाने, नियमित बैठकों के आयोजन तथा जन-जन तक संगठन की विचारधारा पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जैन पर्वों एवं विशेष अवसरों पर विविध आयोजनों, जैसे—निबंध, भाषण, भजन, आरती, रंगोली प्रतियोगिता, परिधान सज्जा, जन-जागरण अभियान तथा सामाजिक गतिविधियों के संचालन पर भी विचार-विमर्श हुआ। महापुरुषों की जयंती एवं निर्वाण दिवस पर प्रेरणास्पद कार्यक्रम आयोजित करने तथा सेवा, संस्कार एवं संगठनात्मक विस्तार को गति देने का संकल्प लिया गया। आगामी वर्ष 2026–27 को जैन सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य, जैन सम्राट राजा संप्रति, जैन सम्राट राजा कुमारपाल एवं जैन रानी अबक्का चौटा के नाम समर्पित करते हुए विविध ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना प्रस्तुत की गई। साथ ही शाखाओं द्वारा विशेष कार्यक्रमों के आयोजन, अभिलेखों के रख-रखाव, सदस्यता विस्तार, फीडबैक व्यवस्था एवं कुशल चर्चा के माध्यम से संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया गया। राष्ट्रीय मंत्री नरेश जैन अशोकनगर ने कहा भारतीय जैन मिलन इस बार जैन सम्राट गौरव वर्ष मनाने जा रहा है, उन्होंने सदन को हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा का संदेश दिया एवं कहा कि यह बुंदेलखंड का सौभाग्य है कि इस वर्ष का राष्ट्रीय अधिवेशन मार्च माह में तीर्थ क्षेत्र थूबौन जी की पावन धरा पर होगा। पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन अंचल ने कहा की मिलन का उद्देश्य तभी पूर्ण होगा जब कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए एवं रिश्तों को जोड़ने के लिए प्रयास करने का सुझाव दिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.अक्षय जैन टडैया ने तन मन धन से बेटियों की शादी में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।मण्डलाधीश सन्मति सर्राफ ने कार्यशाला का महत्व बताते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों के प्रति जागरूक हों जिससे अपने कार्यों के प्रति न्याय हो। उन्होंने कार्यशाला का प्रमाण-पत्र देने का प्रस्ताव रखा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय बरया ने जिला अस्पताल में हृदयाघात के मरीजों को प्रारम्भिक उपचार की व्यवस्था कराने की माँग उठायी। क्षेत्रीय मुख्य संयोजक सनत जैन खजुरिया ने कार्यों में उत्तरोत्तर प्रगति के लिए त्रय मासिक बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।read more:https://pahaltoday.com/the-woman-appealed-to-the-superintendent-of-police-for-justice-alleging-theft-of-jewellery-and-cash-worth-lakhs/राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रभात जैन लागौन ने जियो और जीने दो, क्षमा वीरस्य भूषणम, नहीं दिगम्बर – श्वेताम्बर पंक्तियों को साकार करने के लिए कदम बढ़ाने पर सूझाव दिए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र जैन पंचमनगर ने भीषण गर्मी में गरिमामयी उपस्थिति पर हर्ष व्यक्त किया। निर्देशक सुरेश बाबू एडवोकेट ने सभी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारी समझने एवं समाज हित में कार्य करने पर विचार रखे।निर्देशक विजय जैन लागौन ने त्रय स्तरीय संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डाला एवं ई-पत्रिका में सहभागिता बढ़ाने के लिए सुझाव दिये। क्षेत्रीय मुख्य प्रचार संयोजक विशाल जैन पवा ने कहा पदीय दायित्वों के निर्वहन एवं पूर्ण मनोयोग से कार्य करने में ही मिलन भावनाएँ सार्थक होंगी। पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा बाँदा विनोद जैन ने मिलजुलकर कार्य करने का विचार रखा। क्षेत्रीय संयोजक अभिषेक अनौरा ने आगामी क्षेत्रीय बैठक या वार्षिक अधिवेशन तीर्थ क्षेत्र बालाबेहट में सम्पन्न कराने का प्रस्ताव रखा। क्षेत्रीय मुख्य संयोजिका किरण जैन सतभैया ने रीवा दुर्घटना प्रकरण को लेकर निरंतर प्रयास करने एवं दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का विचार रखा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जय जिनेन्द्र उद्घोष के साथ संगठन की एकता, सक्रियता एवं समाजहित में निरन्तर कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर क्षेत्रीय संयोजक आनंद जैन झारसुगड़ा, झाँसी शाखा मंत्री सीए दीपक जैन, चंद्र कुमार लोहिया, सुरेंद्र कुमार जैन, प्रफुल्ल जैन, कैलाश चंद्र, सुरेश जैन बाँसी, कुलदीप जैन नौहरकलां आदि का सक्रिय सहयोग रहा। स्थानीय एवं झाँसी टीकमगढ़ बांधा तालबेहट बाँसी पाली आदि विभिन्न शाखाओं के डेढ़ सौ से अधिक पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई।संचालन एवं अंत में क्षेत्रीय मंत्री सुबोध जैन के द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।