बड़हलगंज। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने गोरखपुर के दो खंड शिक्षा अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 26 मई से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/on-the-instructions-of-mayawati-vipin-diwan-was-declared-the-bsp-candidate-from-assembly-59/ प्रदेश मंत्री एवं जिलाध्यक्ष तारकेश्वर शाही के नेतृत्व में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) से मुलाकात कर खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह और सावन दूबे के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों में भारी रोष है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन मंत्री संजयराज सिंह, जिला महामंत्री त्रिपुरारी दूबे, जिला कोषाध्यक्ष शिवरतन निषाद, उरुवा ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण पांडेय तथा शिव प्रसाद शर्मा शामिल रहे। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि 26 मई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की वैधानिक लिखित सूचना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करा दी गई है। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (बेसिक), महानिदेशक स्कूल शिक्षा, निदेशक (बेसिक शिक्षा), सचिव बेसिक शिक्षा परिषद, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर को भी प्रेषित की गई है।