सोनभद्र। जनपद के ग्राम बघुआरी स्थित ब्रमडीह टोला में सड़क की जर्जर स्थिति ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। वर्षों से उपेक्षित इस सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि बरसात के दिनों में लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के बाद से अब तक सड़क का निर्माण केवल एक बार कराया गया, लेकिन उसके बाद मरम्मत और रखरखाव की ओर कभी ध्यान नहीं दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/sampoorna-samadhan-diwas-today-district-magistrate-will-listen-to-public-problems-in-sevrai-tehsil/ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो चुके हैं। हल्की बारिश होते ही सड़क कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। कई बार बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में घंटों लग जाते हैं। वहीं छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए रोजाना कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है, लेकिन इसकी बदहाली के कारण ग्रामीण विकास की योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। सड़क खराब होने से छोटे व्यापारियों, किसानों और दैनिक मजदूरों को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से उपज बाजार तक पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। ग्रामीण राजू भारती, मोती विश्वकर्मा, उमाशंकर, महादेव, देवानंद सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अब भी बदहाल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनपद में नए जिलाधिकारी चर्चित सिंह के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र की इस ज्वलंत समस्या पर ध्यान दिया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र के विकास को गति मिले।