सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर स्थित एक होटल परिसर में मंगलवार को सवर्ण जागरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर सामाजिक, शैक्षिक और संवैधानिक विषयों पर चर्चा की।read more:https://pahaltoday.com/major-police-action-in-nanauta-bhabhi-murder-case-accused-brother-in-law-arrested-weapon-used-in-the-incident-recovered/
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जुगुल किशोर तिवारी ने अपने संबोधन में यूजीसी से जुड़े नए प्रावधानों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन नियमों का शिक्षा व्यवस्था और युवाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की। संगोष्ठी में सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चैबे ने सामाजिक एकता, शिक्षा में समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी नीति या कानून को लागू करते समय सभी वर्गों की भावनाओं और हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने यूजीसी की नई इक्विटी रेगुलेशन्स को लेकर चल रही बहस का भी उल्लेख किया। इस संबंध में कुछ वक्ताओं ने आशंका जताई कि इन प्रावधानों के दुरुपयोग की संभावना को लेकर समाज में जागरूकता आवश्यक है। अनिल मिश्रा ने अपने संबोधन में समाज की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने की बात कही। वहीं, रामानंद पाण्डेय, मृदुल मिश्रा, जितेंद्र कुमार सिंह और प्रतीक प्रताप सिंह ने भी विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय सचिव सूर्यकांत द्विवेदी ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने की। इस अवसर पर सुमित मिश्रा, संतोष पाण्डेय, नीरज, सत्य नारायण, चिंतामणि, धर्मेंद्र शुक्ला, प्रवेश पाठक, आशीष शुक्ला, राजेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।