जौनपुर।आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव, तनाव और अकेलेपन जैसी चुनौतियों के बीच वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक सराहनीय पहल की है। मा. कुलपति प्रो. वंदना सिंह के संरक्षत्व में विश्वविद्यालय एवं नई सुबह संस्था के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर स्थित नवस्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ‘आनंदम’ के बैनर तले विद्यार्थियों के लिए प्रथम सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य परामर्श शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी से आए वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. अजय तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय रहते संवाद व परामर्श विद्यार्थियों को बड़ी समस्याओं से बचा सकता है।read more:https://pahaltoday.com/the-dilapidated-roads-of-nanpara-have-become-a-problem-the-vip-road-is-also-in-a-dilapidated-condition/उल्लेखनीय है कि विगत माह विश्वविद्यालय और नई सुबह संस्था के बीच विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को 24×7 टेली-मानस काउंसलिंग सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं प्रत्येक माह वरिष्ठ मनोवैज्ञानिकों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क भौतिक परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे।आज आयोजित प्रथम शिविर में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से खुलकर चर्चा की। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।