गाजीपुर के मैदानों से उभर रही प्रतिभाएं, खेलों में बढ़ रहा जिले का मान : पुनीता सिंह ‘खुशबू’

गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के असमानीचक गांव में असमानीचक प्रीमियर लीग सीजन-2 के तत्वावधान में आयोजित भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह ‘खुशबू’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।read more:https://pahaltoday.com/wife-cannot-ask-for-husbands-income-tax-details-through-rti/
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से बातचीत की, उनके खेल कौशल की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की सीख भी देता है। पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युवाओं के नेतृत्व में खेलों को नई दिशा मिल रही है। सरकार की बेहतर खेल नीतियों, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिल रहे निरंतर प्रोत्साहन के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी अब बड़े मंचों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत के खिलाड़ी ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।  उन्होंने यह भी कहा कि गाजीपुर की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यदि इन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलता रहा, तो गाजीपुर खेल जगत में एक मजबूत पहचान बनाएगा।  टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला चन्दन नगर और चौकिया टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अंततः चौकिया टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति के सदस्य संदीप यादव, सुनील यादव, विवेक यादव और नन्दन यादव सहित अन्य लोगों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *