भदोही। समय से पंचायत चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर शनिवार को कुछ ग्राम प्रधान कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर उनके द्वारा राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर समय से पंचायत चुनाव कराए जाने की मांग की गई।read more:https://pahaltoday.com/anganwadi-workers-stage-protest-at-collectorate-send-memorandum-to-chief-minister/इस दौरान ज्ञापन के माध्यम से प्रधानों ने कहा कि जब तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते, तब तक ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के प्रतिनिधियों का अधिकार यथावत बने रहने चाहिए। उन्होंने कार्यकाल विस्तार की व्यवस्था के तहत प्रशासनिक पंचायत प्रतिनिधि समिति को वित्तीय अधिकार देने की मांग की, ताकि पंचायतों का विकास कार्य बाधित न हो। प्रधानों ने यह भी बताया कि वर्तमान में जनगणना का कार्य चल रहा है, जिसे सुचारू रूप से संचालित करने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में उनकी भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकाल विस्तार की अवधि में पंचायत प्रतिनिधियों और समिति को प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार प्रदान किए जाएं। यह व्यवस्था ग्रामीण लोकतंत्र की भावना के विपरीत न होकर अंतरिम प्रशासनिक संरक्षण के रूप में लागू की जाए। पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद यह व्यवस्था स्वतः समाप्त मानी जाए। इस मौके पर राजमणि पांडेय, विवेकचंद्र अवस्थी, ज्योति यादव, अखिलेश यादव, अनु यादव, शौबीर सिंह, असलम खां, ईभा पटेल सहित कई अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे।