गाजीपुर जमानियां। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) जमानियां में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने की। बैठक में शिक्षकों को विभिन्न शैक्षिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के उपयोगिता प्रमाण पत्रों का एकीकरण करना तथा विद्यालय विकास की प्रगति की समीक्षा करना था। उन्होंने विशेष रूप से आपदा प्रबंधन, बाल संसद और मीना मंच के गठन को लेकर शिक्षकों को निर्देशित किया। साथ ही वर्ष 2026 की वार्षिक परीक्षा के परिणाम पत्र तथा एल्बेंडाजोल दवा के वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली गई। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए विद्यालयों को प्राप्त विकास निधि के उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा वितरित पुस्तकों के सही क्रियान्वयन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स के उपयोग और शैक्षिक परिभ्रमण में खर्च की गई राशि का भी लेखा-जोखा लिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों को दी जा रही सुविधाओं का पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है और इसकी नियमित जांच भी की जा रही है। इस अवसर पर अकादमिक रिसोर्स पर्सन अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सभी विद्यालयों से विद्यालय विकास योजना मांगी गई है, ताकि उन्हें निपुण विद्यालय के रूप में विकसित किया जा सके।read more:https://pahaltoday.com/kamalganj-outrage-erupts-against-smart-meters-consumers-warn-of-agitation/
बैठक में सुरेंद्रनाथ सिंह, अरविंद सिंह, बाबूलाल सिंह, शुभ्र पांडे, सुशील कुमार, प्रेमलता राय एवं नीलम कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।