कायमगंज /फर्रुखाबाद कंपिल क्षेत्र के गांव पथरामई और इकलहरा में हाल ही में हुए अग्निकांड ने कई परिवारों की जिंदगी को गहरे संकट में डाल दिया है। राख में तब्दील हुए घर और उजड़े आशियाने अब भी उस दर्दनाक मंजर की गवाही दे रहे हैं। ऐसे मुश्किल समय में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ पीड़ितों का हाल जाना, बल्कि उनके दुख को साझा करते हुए राहत पहुंचाने की संवेदनशील पहल भी की। सपा के विशेष आमंत्रित सदस्य रामशरण कठेरिया, पूर्व विधायक स्वर्गीय इजहार आलम खां की पुत्री इंदु आलम और नगर अध्यक्ष सहाब उर्फ भइया खां जब पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे, तो वहां का माहौल बेहद भावुक था। अपनों के साथ-साथ अपना घर-बार गंवा चुके लोगों ने जब अपनी आपबीती सुनाई, तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। इस दौरान सपा नेताओं ने जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई, जिसमें आटा, चावल, चीनी, चायपत्ती, आलू, मसाले, साबुन, कपड़े और जूते-चप्पल शामिल थे। अचानक आई इस विपदा के बीच यह मदद पीड़ितों के लिए किसी सहारे से कम नहीं थी। राहत सामग्री पाकर उनके चेहरों पर कुछ हद तक सुकून लौटता नजर आया।read more:https://pahaltoday.com/war-stress-a-world-full-of-anguish-for-550-million-people-living-in-the-anxiety-of-war/
इंदु आलम ने इस मौके पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासनिक स्तर पर भी मदद दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उनके इस मानवीय रुख की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है । लोग कहते सुने गए कि बेटियां भी अपने पूर्व विधायक मरहूम बालिद इजहार आलम खाँ की तरह ही जनसरोकार एवं इंशानियत पसंद हैं । सपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जरूरतमंदों के साथ खड़ा है और किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर हर समय सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान बलबीर सिंह यादव, राजेंद्र सिंह शाक्य, अवधेश यादव, छोटू चौहान, नसरुद्दीन समेत कई स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुश्किल वक्त में दिखाई गई यह संवेदनशील पहल न केवल राहत का जरिया बनी, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत कर गई।