गाजीपुर — जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने तहसील सदर के ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर, इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल सहेरी-1 (करंडा) तथा तहसील सैदपुर के ग्राम सचिवालय रमरेपुर, हथौड़ा, सिधौना एवं सीएससी भीतरी रोड मुस्तफाचक में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।read more:https://worldtrustednews.in/how-much-loss-will-kejriwal-suffer-due-to-7-aap-mps-joining-bjp/
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी पात्र लेकिन छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, ताकि किसानों को पीएम किसान योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ मिल सके और एक सटीक डाटाबेस तैयार हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सचिवालयों और पंचायत भवनों का नियमित दौरा कर लंबित मामलों का त्रुटिरहित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि किसान अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी लेकर जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाकर किसान आईडी बनवा सकते हैं। यदि आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग है, तो उसे तुरंत ठीक कराया जाए, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खतौनी का आधार से सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे केवल पात्र लाभार्थियों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं, अन्यथा वे विभिन्न लाभकारी योजनाओं से वंचित रह सकते हैं।
खरीफ सीजन के मद्देनजर उन्होंने बताया कि खाद खरीदने के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसलिए इस समय किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य किसान आईडी बनवाना है। प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर रजिस्ट्री का कार्य कर रही हैं, जिसमें किसानों से भी सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान अपने मोबाइल, आधार और खतौनी के साथ नजदीकी जन सेवा केंद्र या कैंप में पहुंचकर रजिस्ट्री कराएं, ताकि उन्हें खाद, बीज, कृषि यंत्र, कृषि रसायन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर एवं सैदपुर, नायब तहसीलदार विजय कांत पाण्डेय, तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड विकास अधिकारी सैदपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।