गाजीपुर। रिजर्व पुलिस लाइन, गाजीपुर के परेड ग्राउंड में रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के उपरांत 24 टोलियों के कुल 690 रिक्रूट आरक्षियों ने आकर्षक एवं सुसंगठित परेड का प्रदर्शन करते हुए अपनी दक्षता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट परिचय दिया। समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया एवं विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला रहे, जबकि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।read more:https://worldtrustednews.in/torrential-rains-in-the-midst-of-summer-storms-with-a-speed-of-60-km-per-hour-alert-in-7-states/
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे परेड कमांडर द्वारा टोलियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ, जिसके पश्चात पुलिस अधीक्षक के आगमन पर उनका औपचारिक अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन के उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा सुसंगठित टोलियों द्वारा दी गई सलामी ग्रहण की। परेड के दौरान रिक्रूट आरक्षियों के अनुशासन, कदमताल और समन्वय ने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया। समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम, जनसंवेदनशील तथा अपराध के प्रति सख्त बनने का संदेश दिया। नवआरक्षियों ने इस संदेश को गंभीरता से सुना और अपने कर्तव्यों में उसे आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षण अवधि का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें शारीरिक दक्षता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न पहलुओं का उल्लेख किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है, जिसे ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ निभाना आवश्यक है। समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया, जिनमें चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी को सर्वांग सर्वोत्तम एवं परेड कमांडर प्रथम, अनूप चौहान को परेड कमांडर द्वितीय, संदीप दूबे को परेड कमांडर तृतीय, प्रशांत सिंह को इनडोर परीक्षा में प्रथम तथा अविनाश कुमार को आउटडोर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा एवं जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई, जिसके उपरांत सभी टोलियों ने अनुशासित ढंग से परेड स्थल से प्रस्थान किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया तथा आयोजन की सफलता में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी लाइन्स शुभम वर्मा तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।