जनगणना-2027 की जोरदार तैयारी, डिजिटल सिस्टम से प्रशिक्षित हो रहे फील्ड ट्रेनर्स

भदोही। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन में जनपद भदोही में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम दूसरे दिन भी सुचारु रूप से जारी रहा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या या शंका हो तो उसे एक बार नहीं, बल्कि पूरी तरह समझ आने तक पूछें, ताकि जनगणना कार्य त्रुटिहीन एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। जनपद में इस महत्वपूर्ण कार्य को सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दो बैचों में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कराया जा रहा है। यही फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण देंगे।read more:https://worldtrustednews.in/it-is-a-day-to-remember-the-collection-and-preservation-of-historical-and-cultural-heritage-sonali-jain/ द्वितीय बैच के प्रशिक्षण के दूसरे दिन फील्ड ट्रेनर्स को पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस बार पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके लिए एचएलओ (HLO) ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिसके माध्यम से आंकड़े सीधे रियल टाइम में सर्वर पर उपलब्ध हो जाएंगे। इससे कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा आंकड़ों का संकलन अधिक सटीक और तेज गति से संभव हो सकेगा। परिवार से जुड़े कुल 33 प्रश्नों के उत्तर भी दर्ज करने होंगे। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि पहली बार नागरिक स्वयं भी स्वगणना कर सकेंगे। इसके लिए पोर्टल के माध्यम से 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। तहसील ज्ञानपुर, नगर पालिका परिषद गोपीगंज एवं नगर पालिका परिषद ज्ञानपुर के लिए जयराजी पब्लिक स्कूल जंगीगंज तथा सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर में प्रशिक्षण चल रहा है। इसी प्रकार तहसील औराई, नगर पंचायत घोसिया, नगर पंचायत खमरिया सहित अन्य क्षेत्रों में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सभागारों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण सत्र के अंत में जनगणना कार्य से जुड़े अध्यापकों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता, गोपनीयता और पूर्ण निष्ठा के साथ दायित्व निर्वहन की शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *