शक्तिनगर, सोनभद्र। धनबाद रेलवे मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्रा का गुरुवार को शक्तिनगर रेलवे स्टेशन पर दौरा हुआ, जहां अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में स्टेशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान समाजवादी मजदूर सभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव मुकेश सिंह ने रेलवे से संबंधित मुद्दों को लेकर डीआरएम को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, जिसमें स्टेशन की साफ-सफाई में सुधार, यात्री शेड में पंखों की व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। साथ ही विस्थापित गांव चिल्काटांड़ के ग्रामीणों के आवागमन के लिए ओवरब्रिज निर्माण, ग्राम घरसड़ी व मिसरा पहाड़ के समीप बसे अनुसूचित जाति एवं जनजाति परिवारों की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज की मांग तथा वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन के समय में बदलाव कर व्यापारियों व मरीजों को सुविधा देने और सिंगरौली-पटना ट्रेन को त्रिवेणी की तर्ज पर कुछ दिन शक्तिनगर से संचालित कराने की मांग भी उठाई गई। इस पर डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सभी समस्याओं की जानकारी अभी प्राप्त हुई है और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।