पहल टुडे, रवि प्रकाश द्विवेदी अमेठी। अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गायत्री शक्तिपीठ, अमेठी में देव पूजन के साथ गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और राष्ट्र उत्थान की कामना की।कार्यक्रम में यज्ञाचार्य कैलाश नाथ तिवारी एवं संगीताचार्य सुनील यादव के निर्देशन में यज्ञ संपन्न हुआ। इसके बाद “आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी” अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य नैतिक मूल्यों और संस्कारों से युक्त नई पीढ़ी का निर्माण करना है।पुंसवन संस्कार के दौरान विशेषज्ञों ने गर्भकाल से ही मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जागरूक किया। अयोध्या जोन समन्वयक पूजा द्विवेदी व योगाचार्य अर्चना वर्मा ने कहा कि गर्भावस्था में मां के विचार और व्यवहार का सीधा प्रभाव शिशु पर पड़ता है।इस अवसर पर रायबरेली की प्रमुख ट्रस्टी मीना सिंह ने नारी जागरण पर जोर देते हुए मातृशक्ति को समाज निर्माण की आधारशिला बताया। कार्यक्रम में पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।