बहराइच ( कैसरगंज )।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कैसरगंज के अंतर्गत ग्राम ऐनी हटींसी में 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के तहत “टीबी खोजो अभियान” को व्यापक स्तर पर चलाया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की और टीबी के संभावित लक्षणों वाले संदिग्ध मरीजों की पहचान की।टीम द्वारा चिन्हित मरीजों का तत्काल छाती का एक्स-रे कराया गया, ताकि समय रहते बीमारी की पुष्टि कर उपचार शुरू किया जा सके। इस दौरान विशेष रूप से उन लोगों की जांच की गई, जिन्हें लंबे समय से खांसी, बुखार, वजन में कमी, कमजोरी और भूख न लगने जैसी समस्याएं थीं।स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो हवा के माध्यम से फैलता है, लेकिन समय पर जांच और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकार द्वारा टीबी की जांच और उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।इस संबंध में CHC कैसरगंज के अध्यक्ष डॉ. एन. के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में नियमित रूप से सर्कुलर वाइज भ्रमण कर रही हैं, ताकि कोई भी संभावित मरीज छूटने न पाए और सभी को समय पर जांच व उपचार मिल सके।अभियान के अंतर्गत संभावित मरीजों का डाटा भी तैयार किया गया है, जिससे उनकी नियमित निगरानी और फॉलोअप सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।ग्राम ऐनी हटींसी में चलाया गया यह अभियान टीबी मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सराहनीय रही।