सीसी रोड निर्माण में गड़बड़ी पर भड़के अध्यक्ष प्रतिनिधि, ठेकेदार को लगाई फटकार।

महराजगंज रायबरेली –  नगर पंचायत क्षेत्र में बन रही सीसी रोड के निर्माण कार्य में गड़बड़ी सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायत मिलने पर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में गुणवत्ता की भारी कमी पाई गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।अध्यक्ष प्रतिनिधि ने मौके पर ही अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि घटिया निर्माण कार्य का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क का निर्माण तय मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप दोबारा नहीं किया जाएगा, तब तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पहले से बनी सड़कों की तरह ही इस सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि जनता को बेहतर सुविधा मिल सके।प्रभात साहू ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात भी कही। जानकारी के अनुसार यह सड़क लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही थी। अब इसे दोबारा सही मानकों के अनुसार बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *