बिजनौर/नूरपुर। थाना नूरपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को थाना नूरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 127/26 में शिकायत मिली थी कि आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर नशीली गोलियां खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों द्वारा पीड़िता के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी टीटू पाल पुत्र सुनील पाल, निवासी ग्राम परसुपुर नंगला थाना नूरपुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले पीड़िता को नशीला पदार्थ दिया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली।
12 अप्रैल 2026 को पुलिस ने वांछित आरोपी रितेश पुत्र चन्द्रपाल, निवासी ग्राम परसुपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, कंगन सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।