प्रतिभा किसी साधन-संसाधन पर आश्रित नहीं होती: राकेश कर्रा

बाराबंकी। जिले के बेटी ने एक बार फिर अपने दम पर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी साधन-संसाधन पर आश्रित नहीं होती। यह बात रविवार को पीसीएस-2024 की परीक्षा में चयनित हुई सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर निवासी दिनेश वर्मा की सुपुत्री प्रियंका वर्मा को बधाई देने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश वर्मा कर्रा ने कही। उन्होंने कहा, प्रियंका की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। प्रियंका वर्मा की मेहनत और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। बता दें कि प्रियंका वर्मा ने पीसीएस 2024 की परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। इस सफलता के बाद प्रियंका वर्मा के अपने पैतृक गांव में गांववासियों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई। रविवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी राकेश वर्मा कर्रा ने प्रियंका वर्मा के आवास पर पहुंचकर उन्हें शानदार सफलता की बधाई दी और बुके भेंटकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रियंका वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। स्वागत के दौरान राकेश वर्मा ने कहा कि प्रियंका वर्मा ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से न केवल ग्राम मुबारकपुर ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। एक साधारण परिवार से निकलकर इस प्रतिष्ठित पद तक पहुंचना हमारे क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए एक मिसाल है। हमें गर्व है कि हमारे बीच का युवा अब प्रशासनिक सेवा के जरिए जनता की सेवा करेगा। इस दौरान उनसे मिलने और बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही। प्रियंका वर्मा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश की निःशुल्क कोचिंग योजनांतर्गत परीक्षा पास करके लखनऊ में निःशुल्क कोचिंग की है। मेरी सफलता का एकेडिमिक श्रेय निःशुल्क कोचिंग को जाता है। इस मौके पर विनोद वर्मा, अरविन्द वर्मा, सूर्य प्रकाश वर्मा, दीपक वर्मा आदि ने प्रियंका वर्मा की सफलता पर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *