शोभायात्रा का शुभारंभ सुप्रीमकोर्ट के अधिवक्ता अशोक सहगल ने किया-मंदिर के पुजारी रंजीत भगत का आशीर्वाद लेने के लिए उमडी भीड़
वाराणसी। सिकरौल गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शीतला माता मंदिर से भव्य झंडा जुलूस (शोभायात्रा)रविवार को निकाला गया। यह भव्य शोभा यात्रा सिकरौल गांव से प्रारंभ होकर अदलपुरा, मीरजापुर के लिए रवाना हुई। इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों की संख्या में दूर-दराज़ से आये श्रद्धालु भक्तिभाव से सम्मिलित हुए। शोभा यात्रा की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। इसका शुभारम्भ सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अशोक सहगल ने किया। इसमें प्रमुख रूप से प्रमुख समाजसेवी डॉ. एसएस गांगुली, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, प्रभु दास, भरत तिवारी, डॉ. सुनील कुमार आदि चल रहे थे जिसमें महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश लेकर माता शीतला के जयकारों के साथ चल रही थीं। गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। डीजे की भक्ति धुनों और बैंड बाजों के साथ यात्रा का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण रहा।इस धार्मिक आयोजन से पहले मंदिर के पुजारी रंजीत भगत (बाबा जी) द्वारा मंदिर का विधिवत पूजन एवं कलश स्थापना किया गया। उन्होंने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। बाबा जी ने कहा कि यह शोभायात्रा महामारी और दैहिक प्रकोप से बचाने के लिए निकाली जाती है। उन्होंने सभी से शांति, सद्भाव और भक्ति भावना से अदलहाट के पूजन में जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर गौतम चौहान, गोविंद चौहान, अजय कुमार गुप्ता, रामबाबू, विशाल चौहान, रितेश चौहान, पवन, अशोक मौर्य, डॉ जिनेश पटेल, अमित सोनकर, ज्ञान प्रकाश सिंह आदि शामिल थे।