रेहड़। सोमवार को मच्छमार स्थित प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्राम के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी गई। वहीं, नवप्रवेशित चार बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिवार में शामिल किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी। वार्षिकोत्सव में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक जहीरुलहक, शिक्षक भास्कर, सुरेंद्र, जोगेंद्र, रेखा रानी (एआरपी) सहित जमशीद अहमद, जसराम आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।