गाजीपुर । जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जनपद की विभिन्न तहसीलों में संपन्न हुआ। तहसील सैदपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मौके पर केवल 6 मामलों का ही निस्तारण किया जा सका।जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 241 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र 34 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ अग्रसारित किया गया।अन्य तहसीलों की स्थिति भी कुछ खास संतोषजनक नहीं रही। तहसील जमानियां में 14 में से 2, कासिमाबाद में 14 में से 5, सेवराई में 23 में से 3, जखनियां में 29 में से 2, सदर में 35 में से 6 तथा मुहम्मदाबाद में 56 में से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर जमीनी एवं पारिवारिक विवादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।इसके साथ ही तहसील के समस्त लेखपालों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देशित किया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।