अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

संग्रामपुर/अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में गहरी चोट आई, जिसके चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार कैथला गांव निवासी राम केवला वर्मा सड़क पर जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और घायल का हालचाल लिया। वहीं पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। फिलहाल घायल युवक का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *